गुरुवार, 29 जनवरी 2009

आज जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक

जयपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी के निर्देशानुसार गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक बुलाई गई है। प्रवक्ता सत्येन्द्र सिंह राघव के अनुसार जिला मुख्यालय पर होने वाली इन बैठकों में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की तीन जनवरी को जयपुर में होने वाली रैली को सफल बनाने पर विचार होगा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष की अध्यक्षता में दोपहर ढाई बजे अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। शाम पांच बजे जयपुर नगर निगम के पार्षदों की बैठक होगी। 
महिला कांग्रेस में प्रकोष्ठ
महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष ममता शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.प्रभा ठाकुर के निर्देश पर संगठन में चार नए प्रकोष्ठ बनाए जाएंगे। ममता के अनुसार निष्क्रिय पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों को जल्दी ही हटाया जाएगा।
हज हाउस बनेगा
जयपुर। जयपुर शहर संसदीय क्षेत्र के प्रमुख पार्टीजनों के बीच मुख्यमंत्री ने हज हाउस का मसला उठने पर आश्वस्त किया कि हमने ही हज हाउस का शिलान्यास किया था और हम ही बनाएंगे। उनका यह आश्वासन कर्बला वाले हज हाउस के लिए था। आज की बैठकों में कई कांग्रेसजनों ने पार्टी की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं को भी हिस्सेदार बनाने की मांग उठाई। पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी ने भी दोहराया कि निगम, बोर्ड, समितियों में कार्यकर्ताओं को स्थान मिलना चाहिए। 

कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन होगी सोनिया की रैली

जयपुर । प्रदेश कांग्रेस ने अपनी सुप्रीमो सोनिया गांधी की तीन फरवरी को जयपुर में होने वाली रैली से जुडी तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए जनता व कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने और लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए आयोजित रैली को कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन मान रही है। 
इसके साथ ही सत्ता व संगठन परिसीमन से बनी लोकसभा सीटों की नई राजनीतिक गणित जानने में भी जुट गए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.सी.पी. जोशी ने बुधवार से संसदीय क्षेत्रवार बुलाए प्रमुख पार्टीजनों से फीडबैक लेकर प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू कर दी। 
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को पहले दिन तीन संसदीय क्षेत्रों जयपुर ग्रामीण, दौसा व जयपुर शहर के प्रमुख कांग्रेसजनों को बुलाया गया।
ऎतिहासिक होगी रैली
बैठक के बीच पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जयपुर में सोनिया गांधी की शानदार रैली होगी, उसी की तैयारियां की जा रही हैं। परिसीमन से बदली परिस्थितियों के हिसाब से उम्मीदवारों व चुनावी अभियान पर चर्चा की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जोशी ने कहा कि पार्टी सोनिया की रैली को ऎतिहासिक बनाना चाहती है। बदली राजनीतिक परिस्थितियों और रैली की तैयारियों के लिए तीन फरवरी से पहले जयपुर समेत आसपास के 9 संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। 
घोषणा से पहले टिकट
भाजपा ने फरवरी के पहले सप्ताह में टिकट बांट देने का ऎलान किया है, कांग्रेस कब बांटेगीक् इस सवाल के जवाब में डॉ.जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले पार्टी उम्मीदवार तय कर देगी। 

मंगलवार, 20 जनवरी 2009

पीडितों की सहायतार्थ प्रकोष्ठ बनेगा

जोधपुर। मेहरानगढ मंदिर दु:खान्तिका के पीडित परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार अलग से प्रकोष्ठ स्थापित करेगी। यह प्रकोष्ठ हादसे से पीडित परिवारों की समस्याओं की सुनवाई और इसका निस्तारण करेगा।
यहां मानजी का हत्था स्थित राजीव गांधी स्मृति पुस्तकालय परिसर में सोमवार सवेरे भारत सेवा संस्थान की ओर से पीडित परिवारों की बेटियों को सहायता राशि के तौर पर एफडीआर भेंट करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह घोषणा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मेहरानगढ हादसे के पीडितों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की कमी नहीं रखी जाएगी। फिलहाल ऎसे परिवारों की सहायता के लिए 9 करोड 83 लाख 6 हजार 362 रूपए का राहत पैकेज तय किया गया है। इसमें से कुछ इमदाद पीडितों तक पहुंच गई है, साल के आखिर तक दीगर सुविधाएं भी दी जाएंगी।
उन्होंने बीते साल सितम्बर के आखिरी दिन जोधपुर में घटी दुर्घटना को त्रासदी की संज्ञा देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जल संसाधन मंत्री महिपाल मदेरणा ने भी मेहरानगढ हादसे को सदी की सबसे भयावह दुर्घटना करार दिया। 
उन्होंने इससे उबरने में सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि पीडित परिवारों की मदद करना सभी का दायित्व है। हादसे के बाद से मुख्यमंत्री गहलोत की सक्रियता की भी उन्होंने मुक्तकंठ से सराहना की। बाद में संस्था की ओर से पीडित 118 परिवारों की 171 अविवाहित बेटियों को 25 हजार रूपए की एफडीआर वितरित की गई। 

गहलोत ने साधा वसुंधरा-बैंसला पर निशाना


जोधपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व कर्नल किरोडीसिंह बैंसला गुर्जर आरक्षण के नाम पर वैमनस्य फैलाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। गुर्जर समाज को उसका हक मिले, इस पर किसी को ऎतराज नहीं है, लेकिन इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया से ही कुछ किया जा सकता है। 
गहलोत ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा अपनी हार पचा नहीं पा रही है। इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री व कर्नल बैंसला घिनौना षड्यंत्र रच रहे हैं, लेकिन जनता इसे समझ चुकी है। गहलोत ने कहा कि अफसोस की बात है कि सेना में कर्नल रह चुके बैंसला के नेतृत्व में इतने बडे पैमाने पर हिंसा हो गई। 
जिस सरकार की वजह से समाज के 71 लोग मरे, विधानसभा चुनाव में उसके समर्थन में बैंसला की अपील जारी हुई। अब भी जो किया जा रहा है, उसे जनता समझ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जातियों में संघर्ष के षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी। सरकार कोशिश कर रही है कि पिछले आन्दोलन के दौरान मीणा व गुर्जर समाजों के बीच आई दरार मिटे। दोनों के बीच नजदीकियां बढे और दोनों ही जातियां भाईचारे से रह सके।
भ्रष्टाचार की जांच शीघ्र
गहलोत ने कहा कि पूवसरकार के वक्त हुए भ्रष्टाचार की जांच का काम शीघ्र शुरू किया जाएगा। जांच के लिए आयोग बनाने की बजाय मुकदमे दर्ज करने के पूर्व उप राष्ट्रपति भैंरोसिंह शेखावत के बयान पर उन्होंने कहा कि सभी को अपनी बात कहने का हक है। सरकार सभी विचारों को ध्यान में रखकर फैसले करती है। उन्होंने दोहराया कि सरकार बदले की भावना से कोई कदम नहीं उठाएगी, बल्कि सभी पहलुओं की जांच कर सच्चाई सामने लाएगी, कार्रवाई करना कानून और न्यायपालिका का काम है। 
कमी पिछली बार भी नहीं थी
कांग्र्रेस घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज के तौर पर लागू करने के बावजूद 2003 में कांग्र्रेस की करारी हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमी पिछली बार भी नहीं रखी थी और इस बार भी नहीं रखेंगे। वे बोले- "हमनें जो कहा है, करके दिखाएंगे।" 
नरेगा के लिए मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि केन्द्र प्रवर्तित नरेगा के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार मॉनिटरिंग कमेटी का गठन करेगी, ताकि वास्तविक लोगों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
रिफाइनरी के लिए नए सिरे से बात
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है कि बाडमेर में रिफाइनरी के मुद्दे पर पूर्व सरकार की तरह राजनीति करने की बजाय केन्द्र से नए सिरे से बात कर रही है। यह मुद्दा कांग्र्रेस के घोषणा पत्र में शामिल है और इसके अनुरूप कोई कसर नहीं छोडी जाएगी। 
गहलोत ने सोमवार सुबह यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हाल ही उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवडा से बात की है और नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।
बिजली उत्पादन पर जोर
गहलोत ने कहा कि बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए सार्वजनिक क्षेत्र में 1350 मेगावाट की चार इकाइयां छबडा व सूरतगढ तथा निजी क्षेत्र में 1320 मेगावाट की इकाई बांसवाडा में लगाई जा रही है। इसके लिए कंसलटेंट की नियुक्ति की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गत सरकार की लापरवाही से महंगी बिजली खरीदने में तीन हजार करोड रूपए बर्बाद हो गए।
बदलेगी आबकारी नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आबकारी नीति में बदलाव किया जाएगा, ताकि यहां शराब के नशे को प्रोत्साहन की बजाय हतोत्साहित किया जा सके। शराब की दुकानें कम करने के साथ शराब के विज्ञापनों पर अंकुश व देशी-विदेशी मदिरा की बिक्री एक ही दुकान पर सुनिश्चित की जाएगी।
न्याय अवश्य मिलेगा
मेहरानगढ दुखान्तिका की जांच के सवाल पर गहलोत ने कहा कि उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित आयोग की रिपोर्ट के आधार पर पीडितों को न्याय अवश्य मिलेगा।
कमेटी करेगी निर्णय
आईआईटी, आईआईएम, केन्द्रीय विवि व विश्व स्तरीय विवि जैसी उच्च शिक्षण संस्थाओं के बारे में सरकार कमेटी बनाकर ही कोई निर्णय करेगी। केन्द्रीय विवि पर जोधपुर के दावे के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए पहली आवाज खुद उन्होंने उठाई थी। 

सोमवार, 19 जनवरी 2009

21 को जयपुर आएंगे राहुल गांधी


जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और अग्रिम संगठनों के प्रभारी राहुल गांधी 21 जनवरी को जयपुर आएंगे। 
वे यहां कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लडे प्रत्याशियों के सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। सम्मेलन विद्याधर नगर स्थिति उत्सव लॉन में होगा। 

शुक्रवार, 16 जनवरी 2009

गहलोत का राजस्थान को प्रदूषण मुक्त बनाने का आह्वान


अजमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की जनता से "प्रदूषण मुक्त राजस्थान" बनाने का आह्वान किया है। अजमेर से 11 किलोमीटर दूर पवित्र तीर्थ राज पुष्कर में राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना के अंतर्गत पुष्कर सरोवर के संरक्षण, जीर्णोद्वार तथा सौन्दर्यकरण परियोजना के कायोंü का शुभारंभ करते हुए गहलोत ने पुष्कर सौन्दर्यकरण के कार्य को ऎतिहासिक बताया।
गहलोत ने आम जनता से पुष्कर की पवित्रता को बनाए रखन, धार्मिक क्रिया कलापों के निवर्हन तथा यहां गन्दगी न फैले इस बात के लिए जनजागृति पर जोर दिया। उन्होंने सरकार की ओर से पुष्कर के सम्पूर्ण और बहुमुखी विकास का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि पुष्कर के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी। देश में कुल 56 झीलों के लिए सरकार ने 772 करोड रूपए स्वीकृत किए हैं। राजस्थान में पांच झीलों के सौन्दर्यकरण का काम प्रगति पर है तथा छठी पिछौला झील के लिए 85 करोड रूपए स्वीकृत किये जा चुके हैं। 

सी.पी. जोशी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ में विधानसभा चुनाव में डाले गए दस टेंडर वोटों की गिनती के लिए आज एक रिट याचिका दायर की है। 
उदयपुर जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से केवल एक मत से चुनाव हारने वाले डॉ. जोशी ने याचिका में दस टेंडर वोटो की गिनती कराने के लिए रिट याचिका दायर की है। डॉ. जोशी ने बताया कि कार्यकर्ताओं के दबाव में उन्होंने यह याचिका दायर की है। टेंडर वोटों की गिनती कराने के लिए हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर करना जरूरी होता है। फर्जी मतदान के बाद वास्तविक मतदाता के आने पर टेंडर वोट डाले जाते हैं लेकिन उनकी गिनती नहीं की जाती। गिनती कराने के लिए न्यायालय का आदेश लेना पडता है।